शिमला, 15 फ़रवरी । शिमला जिले के चिड़गांव थाना क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी एक स्कूटी चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवीधार गांव निवासी केहर सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि 11 और 12 फरवरी की दरमियानी रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी एक्टिवा स्कूटी (नंबर PB65 AM7852) चोरी कर ली। उन्होंने बताया कि स्कूटी घर के पास देवीधार में खड़ी की गई थी। अगले दिन जब उन्होंने स्कूटी को वहां नहीं पाया तो आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया।
पीड़ित ने 12 और 13 फरवरी को अपने स्तर पर भी आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, परंतु स्कूटी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना चिड़गांव में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी स्कूटी की अनुमानित कीमत लगभग एक लाख पच्चीस हजार रुपये है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है, ताकि चोरी में शामिल लोगों का पता लगाया जा सके।
इस संबंध में थाना चिड़गांव में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मामले की जांच जारी है और चोरी की गई स्कूटी तथा आरोपियों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।