डायन कुप्रथा मामले के बाद कलईया गांव पहुंचे उपायुक्त और एसपी, पीड़ित परिवार से की मुलाकात

पश्चिमी सिंहभूम, 19 फ़रवरी । पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया प्रखंड अंतर्गत कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के कलईया गांव में डायन के संदेह में मां-बेटे की हत्या की घटना के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हालात का जायजा लिया।

अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से विस्तार से बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल व्यक्ति के स्वास्थ्य की भी जानकारी प्राप्त की और चिकित्सीय व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने परिवार को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी जांच की कि परिवार को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा परिवार के बच्चों के आंगनबाड़ी केंद्र में नामांकन की स्थिति की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि पीड़ित परिवार को सभी आवश्यक योजनाओं से प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पुलिस अधीक्षक ने गांव में कानून-व्यवस्था की स्थिति का भी आकलन किया और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस जघन्य घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सूरत में कानून को हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन ने पुनर्वास और सुरक्षा को लेकर गंभीरता जताते हुए कहा कि पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है। मौके पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।