शिमला में अलग-अलग मामलों में हेरोइन और चरस बरामद, चार गिरफ्तार

शिमला, 21 फ़रवरी । जिला शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज तीन मामलों में पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) और चरस बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पहला मामला थाना चिड़गांव क्षेत्र का है। पुलिस टीम ने आज तड़के गश्त के दौरान संदासु के पास कमल चौहान पुत्र ज्वार चौहान, निवासी वीपीओ समोली रोहड़ू के कब्जे से 4.53 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

दूसरा मामला थाना कुमारसैन में दर्ज हुआ है। पुलिस ने गाड़ी नंबर HP 01AA-0128 की जांच के दौरान दो आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान अमित कुमार (22 वर्ष) पुत्र लोभ राम, निवासी गांव महोली डाकघर तेशन तहसील कुमारसैन और राजेश (42 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय चेत राम, निवासी गांव डमाडी डाकघर व तहसील कुमारसैन जिला शिमला के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 91.10 ग्राम चरस बरामद की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है।

तीसरा मामला थाना बालूगंज क्षेत्र का है। यहां पुलिस ने टूटू बैफ्रिकेशन के पास कार्रवाई करते हुए गौरव चौहान के कब्जे से 6.330 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। इस संबंध में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपियों से पूछताछ कर नशे के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।