ट्रक से कुचलकर कक्षा दो की छात्रा की मौत,मामा घायल

प्रयागराज, 23 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी थाना क्षेत्र में केंद्रीय कारागार नैनी के सामने सोमवार सुबह ट्रक से कुचलकर कक्षा दो में पढ़ने वाली छात्रा की मौत हो गई। हादसे में उसका मामा घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सहायक पुलिस आयुक्त करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में नैनी थाना क्षेत्र के महेवा डांडी निवासी फालिशा(10) पुत्री स्वर्गीय नजवी हुसैन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में मृत छात्रा के मामा अली अहमद गम्भीर रूप से घायल हो गया है। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को तत्काल उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए मृतिका के बड़े मामा अब्दुल रहमान ने बताया कि बच्ची के पिता की इसके जन्म के तीसरे दिन मौत हो चुकी है। जिससे मेरी बहन रहमत निशा बेटी फालीशा को पालने के लिए मेरे घर पर ही रह रही है। बेटी को पढ़ाने के लिए एक प्राइवेट स्कूल में पढाने जाती है। इसी बेटी के सहारे जिंदा है। घर के सभी लोग इसकी देखभाल में सहायता करते हैं। उसे सुबह स्कूल छोड़ने के लिए छोटा भाई अली अहमद मोटरसाइकिल से जा रहा था। जेल रोड पर किसी वाहन ने पीछे से मोटरसाइकिल में टक्कर मार दिया, जिससे वह गाड़ी सहित हाइवे पर गिर गया और पीछे से आ रही ट्रक से भांजी की दबकर मौत हो गई। भाई गम्भीर रूप से घायल हो गया।