रांची, 01 मार्च । झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने रविवार को कहा कि कुर्मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) सूची में शामिल किए जाने की मांग पर सरकार बाधा उत्पन्न कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर कुर्मी समाज को संगठित होने से रोकने का प्रयास कर रही है।
रविवार को रांची के प्रभात तारा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी के विरोध का नहीं, बल्कि अधिकार और पहचान की लड़ाई है। कुर्मी समाज को एसटी सूची में शामिल करने तथा कुड़माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में स्थान देने की मांग लंबे समय से लंबित है, लेकिन सरकार इस दिशा में गंभीर पहल नहीं कर रही है।
जनसभा में बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक वेश-भूषा एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में कुर्मी समाज से जुड़े 18 संगठनों की सक्रिय भूमिका रही।
सभा में शीतल अहदार, नागेंद्र महतो, लम्बोदर महतो, जयमुनी महतो, सुषमा देवी, पार्वती देवी सहित हजारों की संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि, युवा, महिलाएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।————-