दमोह, 01 मार्च । मध्य प्रदेश के दमोह जिले में तेजगढ़ थाना अंतर्गत इमलिया चौकी क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से उगाई जा रही अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया ह। कार्रवाई सुहेला गांव में की गई, जहां लगभग ढाई एकड़ भूमि पर अफीम के पौधे लगाए गए थे।
पुलिस के अनुसार, पुख्ता सूचना के आधार पर टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। खेत में सामान्य फसल के बीच छिपाकर अफीम की खेती की जा रही थी, जिससे पहली नजर में इसका अंदाजा लगाना मुश्किल था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को घेर लिया और तत्काल कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
करोड़ों के कारोबार की आशंकाप्रारंभिक अनुमान के अनुसार जब्त की गई फसल की बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो यह फसल अवैध बाजार में पहुंच सकती थी। फसल का रकबा बड़ा होने के कारण उसे नष्ट करने में समय लग रहा है और मजदूरों की मदद से पौधों को उखाड़ा जा रहा है।
आरोपी हिरासत में, जांच जारीमौके से संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध खेती के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं था। कार्रवाई के दौरान खेत के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए, ताकि कोई साक्ष्य नष्ट न कर सके। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।