यमुनानगर में युवक हत्याकांड का खुलासा, मां व बेटा गिरफ्तार

यमुनानगर, 05 मार्च । जिले के जगाधरी क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने आपसी विवाद के बाद युवक की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी राजिंद्र सिंह ने गुरुवार काे बताया कि अमर विहार कॉलोनी स्थित एक मकान में युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि मृतक के शरीर पर चोटों के कई निशान थे और स्थिति संदिग्ध प्रतीत हो रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और मृतक की पहचान 33 वर्षीय गुंजन निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई, जो जगाधरी में फूड रेहड़ी लगाने का काम करता था। जांच में सामने आया कि गुंजन पिछले कुछ समय से एक महिला के साथ किराये के मकान में रह रहा था। करीब दो माह पहले महिला का 25 वर्षीय बेटा आकाश भी वहां रहने आ गया था। पुलिस के अनुसार, घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि घटना की रात तीनों के बीच तीखा झगड़ा हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महिला और उसके बेटे ने मिलकर पहले युवक पर धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जब उसकी मृत्यु नहीं हुई तो दोनों ने उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच तेज की और तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।