कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कीगुरुग्राम, 10 मार्च । भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (केकेसी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार यादव ने जिला के सिधरवाली गांव के पास स्थित सिग्नेचर ग्लोबल इंडिया लिमिटेड कंपनी के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट सिटी ऑफ कलर्स में सोमवार की रात हुए दर्दनाक हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में सात मजदूरों की मौत और अन्य के घायल होने की घटना चिंताजनक है। हादसे की निष्पक्ष जांच करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि यह घटना निर्माण स्थलों पर मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि हादसे के बाद घायल मजदूरों को साइट के पास स्थित रमन मंजाल अस्पताल ले जाने के बजाय हरियाणा से बाहर राजस्थान के भिवाड़ी के अस्पताल ले जाया गया, वहां सात मजदूरों को मृत घोषित किया गया। इससे यह गंभीर सवाल उठता है कि आखिर घायलों को दूसरे राज्य में क्यों ले जाया गया। क्या हादसे की वास्तविक स्थिति को छिपाने का प्रयास किया गया। और भी गंभीर बात यह है कि घटना के बाद बिल्डर द्वारा किसी को भी निर्माण स्थल के अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही है, जिससे पूरे मामले को दबाने और सबूतों को प्रभावित करने की आशंका और गहरी हो गई है।राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार यादव ने कहा कि निर्माण मजदूर देश के शहरों और बुनियादी ढांचे का निर्माण करते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा और अधिकारों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। यह केवल एक दुर्घटना नहीं बल्कि मजदूरों की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि डॉ. उदित राज राष्ट्रीय चेयरमैन कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता के निर्देशन और मार्गदर्शन मं, कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस की पूरी टीम इस मामले में लगातार सक्रिय हैं। संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। मजदूरों को न्याय दिलाने के लिए लगातार फॉलो-अप कर रही है।