जींद : फर्जी दस्तावेजों पर इंतकाल करवाने की कोशिश, तीन पर केस

जींद, 10 मार्च । सिविल लाइन थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज बना तथा फर्जी गवाह खड़ा कर जमीन का इंतकाल नाम करने की कोशिश करने पर तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मोहाली निवासी राजकुमार ने मंगलवार काे पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी जींद में जमीन है। जींद निवासी फकीर चंद, करणवीर सिबिया, सुमित जैन डीलर ने उसकी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करवा लिए और उसकी जमीन का इंतकाल अपने नाम करवाने का प्रयास किया। आरोपितों ने मिलीभगत कर तहसील में जमाबंदी में छेड़छाड़ करवा दी। मिलते-जुलते नाम फकीचंद के पिता के नाम में उर्फ मोतीरात का प्रयोग करवा दिया गया। आईडी के तौर वोटर कार्ड लगा दिया गया। फिर एसडीएम कार्यालय में फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर गवाही भी करवा दी गई। घटना का उसे उस समय पता चला जब उसने अपनी जमीन के दस्तावेज संभाले और ऑनलाइन इतंकाल को देखा। इस मामले में उसने तुरंत पुलिस सिविल लाइन थाना पुलिस दी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने राजकुमार की शिकायत पर फकीर चंद, करणवीर सिबिया, सुमित जैन डीलर के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।