जिला स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्लंबर और जल सहिया सम्मानित

खूंटी, 11 मार्च । जिला जल एवं स्वच्छता समिति की ओर से विश्व प्लंबर दिवस के अवसर पर बुधवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त आर रॉनिटा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को विश्व प्लंबर दिवस की बधाई दी और उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्लंबरों को किट देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त रॉनिटा ने कहा कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में प्लंबरों और जल सहिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देश पर इस वर्ष पहली बार विश्व प्लंबर दिवस मनाया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने में प्लंबर और जल सहिया की अहम भूमिका है।

कार्यपालक अभियंता पेयजल और स्वच्छता प्रमंडल मनीष कुमार ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी और जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्लंबरों की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्लंबरों के साथ-साथ बेहतर कार्य करने वाली जल सहियाओं को भी सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने विलेज वॉटर सैनिटेशन कमेटी में जल सहिया की भूमिका पर भी प्रकाश डालते हुए इसके बेहतर संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिया।

इस मौके पर सभी प्लंबर, पंप होल्डर और इलेक्ट्रीशियन को प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण में जल जीवन मिशन, ग्राम स्तरीय जलापूर्ति प्रणाली के संचालन और रख-रखाव, पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत, नल कनेक्शन ठीक करने और ग्रामीण जलापूर्ति प्रणाली के विभिन्न घटकों की जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर और सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के दौरान जल सहियाओं ने अपने कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपने अनुभव और सुझाव भी साझा किया।

इस अवसर पर जिला पंचायतीराज पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल और स्वच्छता प्रमंडल सहित बड़ी संख्या में प्लंबर, जल सहिया और संबंधित अधिकारी मौजूद थे।