गैस सिलेंडर की न हो कमी, उपभोक्ताओं को समय पर हो डिलीवरी : एसडीओ

रामगढ़, 14 मार्च । डीसी फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर शनिवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ अनुराग कुमार तिवारी ने गैस एजेंसियों के डीलरों के साथ बैठक की।

इस दौरान गैस की उपलब्धता, स्टॉक और उपभोक्ताओं को गैस वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र में उपभोक्ताओं की संख्या, वर्तमान गैस स्टॉक, बुकिंग की स्थिति और आगामी दिनों में आने वाले गैस सिलेंडरों की जानकारी दी गई। माैके पर अधिकांश एजेंसियों ने बताया कि उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप सिलेंडरों का ऑर्डर दिया गया है, जो 15 से 17 मार्च तक प्राप्त होने की संभावना है।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। साथ ही सभी एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। बैठक में यह भी बताया गया कि कुछ उपभोक्ताओं की ओर से केवाईसी नहीं कराए जाने के कारण गैस बुकिंग में समस्या आ रही है। इस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को केवाईसी कराने के लिए जागरूक करें।

अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी ने सभी गैस वितरक एजेंसियों को पारदर्शिता के साथ उपभोक्ताओं को समय पर गैस की डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।