आईओटी आधारित स्मार्ट तकनीक के लिए आरएसजीएल को राष्ट्रीय ‘डायमण्ड अवार्ड’

जयपुर, 14 मार्च । राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड (आरएसजीएल) को स्मार्ट गैस वितरण के क्षेत्र में आईओटी आधारित तकनीक के प्रभावी उपयोग और नवाचार के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित ‘डायमण्ड अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।

आरएसजीएल के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह ने बताया कि नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में इंडिया स्मार्ट ग्रीड फोरम द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया। आरएसजीएल की ओर से उपमहाप्रबंधक विवेक श्रीवास्तव और सीपी चौधरी ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।

उन्होंने बताया कि कंपनी को यह पुरस्कार सीएनजी मदर स्टेशन पर आईओटी आधारित स्मार्ट तकनीक के प्रभावी उपयोग और नवाचार के लिए प्रदान किया गया है। आरएसजीएल द्वारा उन्नत आईओटी तकनीक के माध्यम से सीएनजी स्टेशनों का संचालन रियल टाइम निगरानी प्रणाली के आधार पर किया जा रहा है।

इस तकनीक के जरिए डेटा एकीकरण, स्वचालित प्रबंधन, डिस्पेंसर और कंप्रेसर संचालन, परिचालन डेटा की निगरानी, ट्रैकिंग तथा शेड्यूलिंग जैसी गतिविधियां एकीकृत आईओटी प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित हो रही हैं। उपमहाप्रबंधक विवेक श्रीवास्तव और सी.पी. चौधरी ने बताया कि सीएनजी मदर स्टेशन के इस स्वचालन से कार्य प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ी है और रियल टाइम मॉनिटरिंग व्यवस्था सुनिश्चित हुई है। साथ ही मूल्य संशोधन की प्रक्रिया भी अधिक सटीक और केंद्रीकृत तरीके से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि यह पहल सीएनजी स्टेशनों के स्वचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।