महिला ने फंदे से लटक कर की खुदकुशी, पारिवारिक विवाद की संभावना

पूर्वी सिंहभूम, 17 मार्च । गोविंदपुर थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर स्थित आनंद नगर में एक महिला के फंदे से लटक कर खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान ज्ञान किरण (30) के रूप में हुई है, जो शशिकांत चौरसिया की पत्नी थीं।

मिली जानकारी के अनुसार ज्ञान किरण की शादी वर्ष 2014 में शशिकांत चौरसिया से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। दंपत्ति के तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से पारिवारिक संबंधों में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। इसी बीच किसी बात को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है।

घटना सोमवार की की है। बताया जाता है कि शशिकांत चौरसिया बच्चों को ट्यूशन छोड़ने के लिए घर से बाहर गए थे। जब वे वापस लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए, जहां ज्ञान किरण फंदे से लटकी हुई थीं।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस और मायके पक्ष को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

बताया जा रहा है कि मृतका का मायका बोकारो में है और उनके परिजन सूचना मिलने के बाद जमशेदपुर पहुंच चुके हैं। हालांकि, इस मामले में परिजनों ने फिलहाल कुछ भी कहने से इंकार किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और खुदकुशी के कारणों का पता लगाने में जुटी है।