मंडी, 17 मार्च । सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के अंतर्गत आने वाले एमएलएसएम कॉलेज की बीए की छात्रा शिल्पा देवी ने ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 55–60 किलोग्राम वर्ग में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को हराकर कांस्य पदक हासिल किया। यह प्रतियोगिता लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित हुई थी। इस उपलब्धि के साथ ही शिल्पा देवी का चयन खेलो इंडिया गेम्स के लिए भी हो गया है।
एसपीयू टीम की मैनेजर डा.ममता शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की ओर से 10 महिला मुक्केबाजों ने भाग लिया और सभी खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
शिल्पा देवी और पूरी टीम को बधाई देते हुए कुलपति ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों के समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
प्रो. अवस्थी ने खिलाड़ियों को उत्कृष्टता के लिए प्रयास जारी रखने और भविष्य की प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय ने छात्रों को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में सुविधा प्रदान करने के लिए खेल निदेशालय की स्थापना की है।
प्रो. अवस्थी ने राज्य सरकार को विश्वविद्यालय को आवश्यक वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया, जिससे छात्रों को आवश्यक बुनियादी ढांचा और सुविधाएं मिल सकीं, जो छात्रों को न केवल राज्य स्तर पर बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी शिक्षा और खेल में उत्कृष्टता प्राप्त करने में मदद कर रही हैं। वहीं डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. राजेश कुमार ने शिल्पा देवी के खेलो इंडिया के लिए चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य छात्र-छात्राओं को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।