बारिश के बाद देहरादून का मौसम सुहाना, तापमान में गिरावट

देहरादून, 19 मार्च । राजधानी देहरादून में गुरुवार को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है। सुबह से आसमान में बादलों का डेरा बना रहा और बीच-बीच में हल्की धूप निकलने के बाद भी वातावरण में ठंडक बनी रही।

गुरुवार सुबह से आसमान बादलों से घिरा रहा, जिससे मौसम में ठंडक बनी रही। दोपहर होते-होते हल्की बारिश और बूंदाबांदी शुरू हुई जो रुक-रुक कर जारी है। मौसम के बदले मिजाज से शहर का वातावरण सुहाना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी घंटों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

देहरादून सहित अन्य इलाकों में आज बदले मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली है। दिनभर ठंडी हवाएं चलने और रुक-रुक कर हल्की बारिश होने से शहर का मौसम खुशनुमा बना रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के अन्य हिस्सों की तरह देहरादून में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में परिवर्तन देखा जा रहा है। आगामी दिनों में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने को कहा गया है।