कांकेर, 21 मार्च । जिले की चारामा पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। कार्रवाई उपरांत आज शनिवार को न्यायालय में पेशकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपित सौरभ उर्फ बिट्टू शर्मा ने इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग से दोस्ती कर इस घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में 24 दिसंबर 2025 को चारामा थाने में एक नाबालिग लड़की के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान नाबालिग को बरामद कर लिया। नाबालिग ने बताया कि आरोपित सौरभ उर्फ बिट्टू शर्मा (निवासी सतना, मध्यप्रदेश) ने इंस्टाग्राम पर उससे दोस्ती की और उसे अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक टीम का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से आरोपित का पता पुणे, महाराष्ट्र में चला। इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल पुणे रवाना किया गया। पुणे पहुंची टीम ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपित सौरभ उर्फ बिट्टू शर्मा उर्फ नीलेश (उम्र 20 वर्ष) निवासी ग्राम बाहरी, थाना सीधी, जिला सीधी (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार कर कार्रवाई उपरांत आज शनिवार काे रिमांड में रवाना किया गया।