आत्मविश्वास से भरे ब्लू कोल्ट्स सेमीफाइनल में भूटान से भिड़ने को तैयार

माले, मालदीव, 31 मार्च । डिफेंडिंग चैंपियन भारत एसएएफएफ अंडर-20 चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में भूटान का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह मुकाबला 1 अप्रैल को माले के नेशनल स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 21:00 बजे खेला जाएगाl दूसरा सेमीफाइनल नेपाल और बांग्लादेश के बीच भारतीय समयानुसार 16:15 पर शुरू होगा।

भारत की अंडर-20 पुरुष टीम ग्रुप चरण के बाद मिले तीन दिन के ब्रेक का पूरा फायदा उठाते हुए सेमीफाइनल में उतर रही है। ब्लू कोल्ट्स ने इस दौरान शारीरिक रूप से रिकवरी और मानसिक रूप से खुद को रीसेट किया। खिलाड़ियों ने बीच पर समय बिताकर खुद को तरोताजा किया और टीम बॉन्डिंग को मजबूत किया। इसका सकारात्मक असर ट्रेनिंग में भी दिखा, जहां टीम ने नई ऊर्जा और फोकस के साथ तैयारी की।

भारत ने ग्रुप बी में पाकिस्तान (3-0) और बांग्लादेश (1-1) के खिलाफ संतुलित प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। टीम ने दबाव के क्षणों में संयम और धैर्य का अच्छा प्रदर्शन किया।

मुख्य कोच महेश गवाली ने खिलाड़ियों की अब तक की मेहनत और मानसिकता की सराहना की।

गवाली ने कहा, “लड़के अच्छा खेल रहे हैं और दबाव को अच्छी तरह संभाल रहे हैं। हमें टूर्नामेंट से पहले ज्यादा तैयारी का समय नहीं मिला, लेकिन खिलाड़ी अपना 100 प्रतिशत दे रहे हैं। अब तक के प्रदर्शन से मैं खुश और गर्व महसूस कर रहा हूं।,”

हालांकि ग्रुप चरण के नतीजे सकारात्मक रहे, लेकिन भारतीय टीम जानती है कि सेमीफाइनल में उन्हें और बेहतर प्रदर्शन करना होगा। टीम ने मौके बनाए हैं, लेकिन उन्हें गोल में बदलने की जरूरत है। साथ ही, नॉकआउट मुकाबले में रक्षात्मक एकाग्रता बनाए रखना भी अहम होगा।

गवाली ने कहा, “कुछ भी आसान नहीं होता। हमने मौके बनाए, लेकिन हमें उन्हें बेहतर तरीके से भुनाना होगा। डिफेंस में भी हमें ज्यादा फोकस्ड रहना होगा।”

भूटान की टीम ग्रुप ए में संघर्ष के बाद सेमीफाइनल तक पहुंची है। उन्होंने नेपाल के खिलाफ हार से शुरुआत की, लेकिन मालदीव के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ इंजरी टाइम में गोल कर 1-0 से जीत दर्ज करते हुए उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाई। यह जीत उनकी जुझारू मानसिकता को दर्शाती है।

भारत इस मुकाबले में सतर्क रवैये के साथ उतरेगा। भूटान की अनुशासित खेल शैली और अहम मौकों पर गोल करने की क्षमता उन्हें खतरनाक प्रतिद्वंद्वी बनाती है। पूरे 90 मिनट तक एकाग्रता बनाए रखना ब्लू कोल्ट्स के लिए बेहद जरूरी होगा।

हमले में भी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है। भारत के विशाल यादव और ओमांग डोडुम ने टूर्नामेंट में दो-दो गोल किए हैं, जबकि भूटान के धेंदुप ग्येल्त्शेन भी दो गोल कर चुके हैं। इन फॉरवर्ड्स का प्रदर्शन मैच के नतीजे को प्रभावित कर सकता है।

इस मुकाबले में अतिरिक्त समय नहीं होगा और निर्धारित समय के बाद स्कोर बराबर रहने पर सीधा पेनल्टी शूटआउट होगा। ऐसे में संयम और सही निर्णय लेना बेहद महत्वपूर्ण होगा।

भारत ग्रुप चरण के सकारात्मक पहलुओं को आगे बढ़ाते हुए अनुशासित प्रदर्शन करना चाहेगा और फाइनल में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।