खूंटी, 11 अप्रैल । उपायुक्त आर रॉनिटा ने झारखण्ड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के सफल और कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर शनिवार को समाहरणालय के सभागार में सभी 14 परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षकों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में उपायुक्त ने बताया कि झारखंड स्टाफ सलेक्शन कमीशन ने 12 अप्रैल को जिले में झारखंंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का आयोजन किया है। इसके लिए खूंटी जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिसमें 4668 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में संपन्न कराया जाएगा। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त वातावरण में संचालन सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने सभी केंद्र अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी पूर्ण रूप से सक्रिय रखें, मोबाइल का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहे और सभी इन्विजिलेटर समय पर विभागीय नियमानुसार परीक्षा शुरू कराएं।
साथ ही गोपनीयता बनाए रखने, सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने, परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, समय पर प्रश्नपत्र वितरण और परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। सभी केंद्र अधीक्षक को अपने स्तर से सभी इन्विजिलेटर को दिए गए निर्देशों की जानकारी देने और उन्हें सम्पूर्ण ब्रीफिंग के निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता परमेश्वर मुण्डा, जिला शिक्षा पदाधिकारी अपरूपा पॉल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।