पूर्वी सिंहभूम, 11 अप्रैल । जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शनिवार को कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल साकची थाना पहुंचा और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर लिखित आवेदन सौंपा। यह प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह के नेतृत्व में थाना पहुंचा, जहां उन्होंने पुलिस से मामले में त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस कमिटी की ओर से दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंचों, समाचार माध्यमों और सामाजिक माध्यमों के जरिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेडा के खिलाफ आपत्तिजनक, अपमानजनक और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है। कमिटी का कहना है कि इस प्रकार की बयानबाजी न केवल संबंधित नेताओं की छवि को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादा के भी विरुद्ध है।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के इस तरह की भाषा का प्रयोग करना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इससे राजनीति का स्तर गिरता है और समाज में गलत संदेश जाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग किया कि इस मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के नेता अक्सर विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां करते रहते हैं, जिस पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है और इस मामले में भी निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस कमिटी ने अपने आवेदन के समर्थन में कथित बयानों से जुड़े वीडियो और साउंड रिकॉर्डिंग, विभिन्न समाचार रिपोर्ट और सामाजिक माध्यमों के चित्र भी साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा हैं। कमिटी का आरोप है कि इस प्रकार की बयानबाजी से समाज में तनाव और वैमनस्य फैल सकता है।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में अवधेश कुमार सिंह, बिजय यादव, कमलेश कुमार पाण्डेय, जसवंत सिंह जस्सी, राजकिशोर यादव, ब्रजेन्द्र तिवारी, गुरदीप सिंह, अतुल गुप्ता, सुखदेव सिंह मल्ली, राजीव मिश्रा, राजा सिंह राजपूत, संजय यादव, फिरोज खान, अमित श्रीवास्तव गुड्डू सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।