रांची के जमीन कारोबारी हत्याकांड का शूटर पुलिस मुठभेड़ में घायल

रांची, 22 अप्रैल( हि.स. )। झारखंड की राजधानी रांची में जमीन कारोबारी और पूर्व पार्षद हत्याकांड का आरोपित शूटर सत्यम पाठक पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया है। पुलिस के अनुसार, पंडरा में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की हत्या के आरोपित गिरफ्तार शूटर सत्यम पाठक ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि उसने कांके डैम के पास दो हथियार छुपा रखे हैं।

पुलिस टीम बुधवार सुबह उसे लेकर हथियार बरामदगी के लिए कांके डैम पहुंची। इसी दौरान पाठक ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लगी। उसके हाथ में भी चोट आई है। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सत्यम पाठक धुर्वा के पूर्व पार्षद और भाजपा नेता वेद प्रकाश सिंह की हत्या में भी शामिल था। 7 जुलाई 2024 की शाम करीब सात बजे धुर्वा बस स्टैंड के पास एक दुकान पर बैठे वेद प्रकाश सिंह पर बाइक सवार तीन अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। गोली उनकी गर्दन में लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए एम्स दिल्ली ले जाया गया, जहां 3 अगस्त 2024 को उनकी मौत हो गई थी।

गत मंगलवार को पंडरा ओटीसी मैदान के पास जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस मामले में सत्यम पाठक को शूटर और विजय टेटे को मास्टरमाइंड बताया गया। इस संबंध में सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि भार्गव सिंह हत्याकांड में गिरफ्तार शूटर सत्यम पाठक से पूछताछ करने पर हथियार के बारे में जानकारी दी। हथियार रिकवरी के दौरान पुलिस पदाधिकारी से हथियार छीन कर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की , जिसमें सत्यम घायल हो गया। उसको इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।