जयपुर, 22 अप्रैल । राजस्थान में गर्मी ने अब विकराल रूप लेना शुरू कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और लू जैसे हालात बनने लगे हैं। मंगलवार को चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि बाड़मेर में सबसे गर्म रात रही और न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक पहुंच चुका है। आने वाले 4-5 दिनों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में 2 डिग्री तक और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। साथ ही 23 से 25 अप्रैल के बीच सात जिलों में हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
भीषण गर्मी के बीच जोधपुर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में एक कॉलेज बस में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि अत्यधिक तापमान के कारण यह घटना हुई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
राजधानी जयपुर में भी गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं। यहां अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री मापा गया। दोपहर की तेज धूप से आमजन के साथ स्कूली बच्चे भी परेशान रहे। अजमेर में तापमान 38 डिग्री के आसपास बना हुआ है और आने वाले दिनों में इसके 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। तेज धूप के चलते दोपहर में बाजारों में आवाजाही कम रही।
कोटा में दिन के साथ रात में भी गर्मी बढ़ गई है। यहां दिन का तापमान 41.4 डिग्री और रात का 28.1 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने दिन-रात दोनों तापमान में बढ़ोतरी के संकेत दिए हैं।
उदयपुर में भी गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है। यहां अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री मापा गया, जिससे सड़कों और बाजारों में सन्नाटा नजर आया। सीकर में तापमान 40 डिग्री पहुंच गया है। अलवर में तापमान 39.8 डिग्री मापा गया, लेकिन गर्म हवाओं के कारण गर्मी का असर और अधिक महसूस किया गया।
मौसम विभाग ने जोधपुर संभाग के जिलों में 22-23 अप्रैल को 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई है। वहीं, प्रदेश के कई हिस्सों में लू का असर और तेज हो सकता है। तेज गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। लोग धूप से बचने के लिए छाते, सिर पर कपड़ा और पानी का सहारा ले रहे हैं।
वहीं, कई स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं द्वारा राहगीरों के लिए पानी और कूलर की व्यवस्था भी की जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।