धार: महिला सुरक्षा और त्वरित न्याय सर्वोच्च प्राथमिकता – नए एसपी सचिन शर्मा

धार, 05 मई । वर्ष 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी सचिन शर्मा ने मंगलवार को मध्‍य प्रदेश के धार जिले के नए पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे शर्मा ने पूर्व एसपी मयंक अवस्थी का स्थान लिया है।

धार से पहले भी जुड़ाव रख चुके सचिन शर्मा वर्ष 2018 में यहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी शर्मा की शिक्षा दिल्ली में हुई है और वे विधि स्नातक हैं। वे उज्जैन, छतरपुर और उमरिया जैसे जिलों में एसपी के रूप में कार्य कर चुके हैं, जबकि उनका प्रोबेशन ग्वालियर में और सीएसपी के रूप में कार्यकाल उज्जैन के महाकाल क्षेत्र में रहा है।

पदभार संभालते ही एसपी शर्मा ने थाना प्रभारियों को महिला अपराध, अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, त्वरित न्याय और अपराधों पर नियंत्रण उनकी मुख्य प्राथमिकताएं रहेंगी।

उन्होंने बताया कि महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि शहर में सुधार की आवश्यकता है। नगरपालिका के साथ समन्वय कर अतिक्रमण हटाने और सड़कों को व्यवस्थित करने की दिशा में काम किया जाएगा। ऑटो और पिकअप चालकों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और कम्युनिटी पुलिसिंग को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

एसपी शर्मा ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच संवाद बना रहना चाहिए और पुलिस प्रशासन पारदर्शिता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने पत्रकारों के सुझावों का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।