किसान चक्काजाम पर भाजपा का तीखा हमला, जयपाल सिंह चावड़ा बोले- कांग्रेस किसानों को गुमराह कर रही

भोपाल, 07 मई । भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कांग्रेस के किसान चक्काजाम आंदोलन पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित आंदोलन” बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने और आम जनता को परेशान करने का काम कर रही है।

जयपाल सिंहचावड़ा ने गुरुवार काे प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकाराें से चर्चा में आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी अपनी राजनीतिक छवि चमकाने के लिए किसानों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आंदोलन करने से पहले अपने शासनकाल के दौरान किसानों के साथ हुए अन्याय के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, “कांग्रेस शासन में किसानों पर गोलियां चलाई गईं, उन पर 18 प्रतिशत तक ब्याज वसूला गया और झूठी कर्जमाफी के वादों से लाखों किसानों को डिफॉल्टर बना दिया गया। आज वही कांग्रेस किसानों की हितैषी बनने का ढोंग कर रही है।”

“मुख्यमंत्री मोहन यादव किसानों के प्रति संवेदनशील”

किसान माेर्चा प्रदेश अध्यक्ष चावड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव किसानों के हितों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं। वे स्वयं गेहूं खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी किसानों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता रहेंगे।

“सरकार किसानों के पसीने की कीमत समझती है”

भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई क्षेत्र के विस्तार के कारण इस वर्ष रिकॉर्ड गेहूं उत्पादन हुआ है। सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उनकी उपज का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पहले लगभग 78 लाख टन गेहूं खरीदी की अनुमति थी, जिसे बढ़ाकर करीब 100 लाख टन तक किया गया है। भाजपा सरकार किसानों की आय बढ़ाने, लागत घटाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। श्री चावड़ा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा नकारात्मक राजनीति और भ्रम फैलाने का काम करती रही है, इसलिए जनता लगातार उसे नकार रही है। उन्होंने कांग्रेस से आंदोलन और अवरोध की राजनीति छोड़कर किसानों के हित में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।

“कांग्रेस का चक्काजाम केवल राजनीतिक स्वार्थ”

जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के हित में कई ठोस फैसले लिए हैं। सरकार ने किसानों के ऋण का लगभग 2800 करोड़ रुपये का भुगतान कर राहत दी, गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाया और एमएसपी पर बोनस भी उपलब्ध कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का किसान चक्काजाम आंदोलन केवल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है, जिससे आमजन और आपातकालीन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। कांग्रेस को किसानों के नाम पर भ्रम फैलाने के बजाय अपने पिछले कार्यकाल की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।

संभाग स्तर पर भाजपा नेताओं ने जताया विरोध

प्रदेशभर में कांग्रेस के आंदोलन के विरोध में भाजपा नेताओं ने संभाग स्तर पर प्रतिक्रियाएं दीं। इंदौर में मंत्री तुलसीराम सिलावट, सागर में मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, छिंदवाड़ा में सांसद विवेक बंटी साहू, उज्जैन में प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र भारती, मंदसौर में प्रदेश प्रवक्ता यशपाल सिंह सिसौदिया, ग्वालियर में विधायक एवं प्रवक्ता घनश्याम पिरोनिया तथा जबलपुर में विधायक एवं प्रवक्ता नीरज सिंह लोधी ने कांग्रेस के आंदोलन की निंदा करते हुए भाजपा सरकार की किसान हितैषी नीतियों को रेखांकित किया।