तस्कर के आरोपित की जमानत पर उमड़ी भीड़, चर्चा में उदा की रिहाई

चित्तौड़गढ़, 07 मई । पुलिस पर फायरिंग और मादक पदार्थों की तस्करी के कई प्रकरणों का आरोपित और करीब एक साल से जेल काट रहे उदा गुर्जर उर्फ उदयलाल की जमानत चर्चा का विषय बन गई। जेल से जमानत के बाद उदा गुर्जर को करीब पांच बजे रिहा किया जाना था। इसी दौरान जेल के बाहर बड़ी संख्या में गाड़ियों की कतारें लग गई और उदा गुर्जर के कथित समर्थक उसे लेने के लिए पहुंच गए। दर्जनों गाड़ियों के पहुंचने पर पुलिस भी सक्रिय हो गई और काफी देर तक उदयलाल को जेल से बाहर नहीं निकाला। बाद में गंगरार थाना पुलिस से जाप्ता पहुंचा और मौके पर जुटे लोगों को जाने को कहा। धीरे-धीरे भीड़ कम हुई और गंगरार थानाधिकारी श्यामसिंह विश्नोई भी जेल पहुंचे। सूत्रों के हवाले से खबर मिली कि किसी मामले में तस्कर उदा गुर्जर को फिर से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जाना था लेकिन नाटकीय घटनाक्रम के बाद उदा गुर्जर जेल से निकला और अपने समर्थकों के वाहन में बैठ कर चला गया। तस्करी के ही एक मामले में उदा गुर्जर से गंगरार थाना क्षेत्र के एक प्रकरण में पूछताछ की जानी थी लेकिन कड़ी पुख्ता नहीं होने के कारण उदा गुर्जर को हिरासत में नहीं लिया गया और उदा गुर्जर की रिहाई चर्चा का विषय बनी रही।