राष्ट्रीय लोक अदालत में 7950 मामलों का निष्पादन

खूंटी, 09 मई । व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खूंटी रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में हुआ।

राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए कुल 11 बेंच का गठन किया गया, जिनमें छह न्यायिक और पांच कार्यपालक पीठ शामिल थीं। इन बेंचों के माध्यम से न्यायालय में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का सौहार्दपूर्ण वातावरण में निस्तारण किया गया।

लोक अदालत में दीवानी एवं फौजदारी न्यायालयों के सुलहनीय मामले, बैंक ऋण विवाद, मोटरयान दुर्घटना दावा, एनआई एक्ट, बिजली, नगर पंचायत, परिवहन, वन एवं उत्पाद विभाग से जुड़े मामलों सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खूंटी के सचिव कमलेश बेहरा ने बताया कि वर्ष 2026 की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 7950 मामलों का निष्पादन किया गया। इनमें 7207 प्री-लिटिगेशन एवं 743 लंबित मामले शामिल हैं। वहीं कुल 4 करोड़ 61 लाख 66 हजार 770 रुपये की राशि का सेटलमेंट कराया गया।

इस अवसर पर जिला जज प्रथम राकेश कुमार मिश्रा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अर्जुन साव, अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी विद्यावती कुमारी, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम शअमित आकाश सिन्हा सिहत अन्य

न्यायिक पदाधिकारी और अधिवक्ता मौजूद थे।