सागर, 09 मई । मध्य प्रदेश के सागर जिले के शाहपुर कस्बे में एक युवक नीरज प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात की है। शव सड़क किनारे मिला। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों और मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने शराब दुकान पर धावा बोल दिया और वहां जमकर तोड़फोड़ की। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और भीड़ ने शराब दुकान को आग के हवाले कर दिया, जिससे लाखों का माल जलकर खाक हो गया।
स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत शराब दुकान पर हुई एक झड़प से हुई थी। आरोप है कि शराब दुकान से जुड़े कुछ कर्मचारियों या दबंगों ने नीरज प्रजापति के साथ बुरी तरह मारपीट की। मारपीट के बाद युवक की हालत बिगड़ गई और अंततः उसकी मौत हो गई। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, ग्रामीण सड़क पर उतर आए।
नीरज की मौत से गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने शाहपुर की मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया। भीड़ की मांग थी कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और दुकान का लाइसेंस रद्द हो। इस दौरान दुकान में लगी आग की लपटें काफी दूर से देखी जा सकती थीं। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों ने अपनी जान बचाकर वहां से भागना शुरू कर दिया। दमकल गाड़ी से आग पर काबू पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सागर जिले के आला अधिकारी और कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और शांत कराने की कोशिश की, लेकिन परिजनों का साफ कहना है कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। घटना के बाद से ही शराब दुकान के संदिग्ध कर्मचारी फरार बताए गए हैं पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। वर्तमान में शाहपुर क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन पूरी स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है ताकि कोई और अप्रिय घटना न घटे।