‘रिफॉर्म उत्सव’ के तहत प्रशासनिक सुधारों के लिए नागरिकों से सुझाव आमंत्रित

नैनीताल, 08 सितंबर । भारत सरकार की राष्ट्रव्यापी पहल ‘रिफॉर्म उत्सव’ के तहत जिले में प्रशासनिक सुधारों को गति देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य हितधारकों के सुझावों के आधार पर सरकारी प्रक्रियाओं और सेवाओं को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना है।

उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग अपनी सेवाओं से जुड़ी जटिल प्रक्रियाओं और समस्याओं को चिह्नित कर कार्ययोजना तैयार करेंगे। नागरिकों से प्राप्त उपयोगी सुझावों का परीक्षण कर उन्हें समयबद्ध तरीके से वास्तविक सुधारों में बदला जाएगा। अभियान का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत शिकायतों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि ऐसे सुधारात्मक सुझाव प्राप्त करना है, जिनसे बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित हों और जिन्हें अन्य क्षेत्रों में भी मॉडल के रूप में अपनाया जा सके।

अभियान के तहत 11 सितंबर से प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता शुरू होगी। 2 से 31 अक्टूबर तक जन मंथन चरण में ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सुझाव लिए जाएंगे। 10 अक्टूबर से 30 नवंबर तक विचार-विमर्श चरण में विभाग सुझावों की समीक्षा कर उन्हें तात्कालिक एवं मध्यम अवधि के सुधारों में वर्गीकृत करेंगे तथा अंतर-विभागीय सुधारों के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करेंगे

10 अक्टूबर से 20 दिसंबर तक जन समाधान चरण में चयनित सुधारों को लागू करने, उनकी प्रगति की निगरानी तथा विभागीय जिम्मेदारी और समय-सीमा तय करने पर ध्यान दिया जाएगा। 25 से 27 दिसंबर तक संकल्प सिद्धि समापन समारोह में सफल सुधारों, बेहतर कार्यप्रणालियों और उनके परिणामों को प्रदर्शित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने आम नागरिकों, पंचायतीराज संस्थाओं, नगरीय निकायों, शिक्षण संस्थानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों, व्यापारिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने प्रक्रियागत जटिलताओं, पारदर्शिता तथा योजनाओं को अधिकाधिक लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने से संबंधित सुझाव जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, नैनीताल को भेजने का अनुरोध किया है। साथ ही सभी विभागों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक नागरिकों को सुझाव देने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए हैं।