सीएम योगी की अपील का असर, महापौर ने छोड़ी एस्कॉर्ट व्हीकल

गोरखपुर, 14 मई । पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के भविष्योन्मुखी बहुआयामी प्रभाव के मद्देनजर पेट्रोलियम पदार्थों की खपत कम करने तथा सरकारी खर्चों में कटौती करने के संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश/अनुरोध का असर दिखने लगा है। सीएम योगी की अपील का अनुसरण करते हुए गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने अब बिना स्कॉर्ट वाहन के आना-जाना शुरू कर दिया है। सांसद रविकिशन शुक्ल ने भी अपना काफिला छोटा कर दिया है। अब वह दो गाड़ियों के साथ ही निकल रहे हैं। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने मुख्यमंत्री की अपील के बाद अपने कार्य दायित्व निर्वहन के लिए स्कॉर्ट वाहन को हटा दिया है। इसके साथ ही प्रशासन के अधिकारी शीघ्र ही सप्ताह में एक दिन ‘नो वेहिकल डे’ अपनाने जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सभी मंत्रियों के साथ बैठक कर जनप्रतिनिधियों और उच्च पदस्थ अफसरों के काफिलों में 50 प्रतिशत तक कटौती करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने खुद इसका अनुपालन भी शुरू कर दिया है। सीएम योगी के निर्देश के बाद राज्य में सप्ताह में एक दिन ‘नो वेहिकल डे’ रखने, बड़े कार्यालयों और औद्योगिक संस्थानों में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने और 50 फीसदी बैठकों को वर्चुअल करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ सार्वजनिक परिवहन और बिजली बचत को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है। बिजली की बचत के लिए मुख्यमंत्री ने कार्यालयों में एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने का आह्वान किया है।

स्कॉर्ट वाहन के बिना चलने के संबंध में गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने गुरुवार काे कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ईंधन संरक्षण को पीएम मोदी और सीएम योगी ने आर्थिक आवश्यकता के साथ ही राष्ट्रीय दायित्व भी माना है। इस दायित्व के निवर्हन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन को जुड़ना होगा। इस बीच सांसद रविकिशन शुक्ल ने भी अपने काफिले में समर्थकों की गाड़ियों को मना कर दिया है। सांसद ने लोगों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऊर्जा संरक्षण संबंधी आह्वान की गहराई को समझें। पीएम और सीएम की अपील बेहद दूरदर्शी है।

ई रिक्शा और बस से यात्रा की देवरिया के जिला पंचायत अध्यक्ष ने

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील का असर देवरिया में भी देखा गया। यहां जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश तिवारी ने गुरुवार को अपने गांव जाने के लिए सरकारी वाहन की बजाय ई रिक्शा और बस से यात्रा की। तिवारी ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आह्वान को समय की मांग बताया। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे परिवहन के लिए सार्वजनिक साधनों का इस्तेमाल करें। उधर, बुधवार को महराजगंज में सदर विधायक भी ई रिक्शा से जिला मुख्यालय पहुंचे थे।