धनबाद, 15 मई । धनबाद मंडल में टिकट जांच अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को धनबाद स्टेशन पर रेलवे मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के सफर कर रहे तथा बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा कर रहे कुल 68 यात्रियों को पकड़ा गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए यात्रियों से जुर्माने के रूप में कुल 30 हजार 115 रुपये वसूले गए। साथ ही सभी यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट लेकर यात्रा करने की सख्त हिदायत दी गई।
चेकिंग अभियान के दौरान स्टेशन परिसर के अलावा विभिन्न मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी टिकट जांच की गई। इस दौरान धनबाद स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ देखने को मिली।
धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें तथा जिस श्रेणी का टिकट हो उसी श्रेणी में यात्रा करें। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।