जितेश रवानी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार

धनबाद, 16 मई । पुलिस ने चर्चित जितेश रवानी हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को धनसार थाना में एक प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि जितेश रवानी की हत्या पत्थर से कुचलकर की गई थी।

सिटी एसपी ने बताया कि मृतक जितेश रवानी धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ का रहने वाला था। उन्होंने कहा कि जितेश ने हाल ही में एक नई बाइक खरीदी थी। बाइक खरीदने की खुशी में उसने अपने दोस्तों को पार्टी दी थी। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद और कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपितों ने जितेश की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी और शव को चांदमारी खेल मैदान स्थित झाड़ियों में फेंक दिया।

12 मई की सुबह पुलिस को चांदमारी खेल मैदान के पास झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके से मृतक की पल्सर बाइक भी बरामद की गई थी। मामले में मृतक के परिजनों के बयान पर धनसार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच और छापेमारी के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपित दीपक कुमार राम बिहार भाग गया है। पुलिस दबाव बढ़ने पर उसने न्यायालय में सरेंडर कर दिया। पुलिस रिमांड में पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर खून लगा शर्ट बरामद किया गया। वहीं दूसरा आरोपित शक्ति सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।