धर्मशाला, 17 मई । हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के धर्मशाला स्टेडियम में खेले गए आईपीएल मुकाबले में आरसीबी ने पंजाब को उनके ही घर पर 23 रनों से मात दी है। धर्मशाला में पंजाब किंग्स इलेवन की यह लगातार तीसरी और इस सीजन में लगातार छठी हार है। इस हार के साथ ही पंजाब के प्लेऑफ में पंहुचने की उम्मीदें भी न के बराबर रह गई हैं।
धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी की शानदार ऑलराउंड परफॉर्मेंस के चलते आरसीबी ने जीत हासिल कर टेबल पॉइंट में अपनी टॉप पोजिशन बरकरार रखी है। वहीं प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। उधर 223 रनों के लक्ष्य को लेकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पंजाब की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट में 199 रन ही बना पाई। इस तरह आरसीबी ने यह मैच 23 रनों से जीतकर अपनी झोली में डाल लिया।
223 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके दोनों ओपनर जल्दी आउट हो गए। ओपनर प्रियांश आर्य शून्य पर जबकि प्रभसिमरन सिंह महज 2 रन बनाकर आउट हो गए। पंजाब की ओर से शशांक सिंह ही एकमात्र बल्लेबाज रहे जिन्होंने अर्धशतक लगाया। शशांक ने 27 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों के साथ 56 रन बनाए। इसके अलावा कूपर कनोली ने 22 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्कों के साथ 37 रन बनाए। मारकस स्टाइनिस ने 25 गेंदों में 37 और सूर्यांश शेडगे ने 22 गेंदों पर 35 रनों की पारी खेली। कप्तान श्रेयस अय्यर कुछ खास नही कर पाए और महज एक रन बनाकर आउट हो गए। अजमातुल्लाह ओमारजाई ने 10 गेंदों पर 14 रन बनाए।
गेंदबाजी में आरसीबी की ओर से आर सालम ने 3 विकेट आने नाम किये। इसके अलावा ऐसा सीजन में सबसे ज़्यादा विकेट टेकर भुवनेश्वर कुमार ने दो तथा जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड ने एक-एक विकेट लिए।
उधर इससे पूर्व पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने पंजाब को जीत के लिए 223 रनों का लक्ष्य दिया था। आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट पर 222 रनों के स्कोर खड़ा किया। आरसीबी की ओर से इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में टीम में शामिल वेंकटेश अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 73 रनों की नाबाद पारी खेलकर आरसीबी को एक बड़े स्कोर की तरफ ले गए। उन्होंने 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 73 रन बनाए। वहीं इससे पूर्व ओपनर विराट कोहली ने भी अपना अर्धशतक बनाया। कोहली ने 37 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों के साथ 58 रन बनाए। जबकि उनके साथ तीसरे नम्बर पर बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडीकल ने भी 25 गेंदों में शानदार 45 रन बनाए। पडीकल ने इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके बाद बल्लेबाज टिम डेविड और वेंकटेश अय्यर की शानदार साझेदारी के चलते आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवरों में 222 रन का स्कोर खड़ा किया। टिम डेविड ने भी 12 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों के साथ नाबाद 28 रन बनाकर आरसीबी को 222 तक पंहुचाने में अहम भूमिका निभाई।
वहीं टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी पंजाब की टीम से स्पिन गेंदबाज हरप्रीत बराड़ ने 4 ओवरों में 35 रन देकर दो विकेट अपने नाम किये। इसके अलावा अर्शदीप सिंह और यजुवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट लिया।