जींद, 17 मई । सफीदों स्थित शिव कॉलोनी में शनिवार रात को एक महिला ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति तथा देवर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है।
शिव कालोनी सफीदों निवासी गुरलाल की पत्नी 36 वर्षीय गुरविंद्र कौर ने शनिवार रात फांसी का फंदा लगा लिया। जब तक उसे फांसी के फंदे से उतारा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर मायका पक्ष के लोग तथा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के शव को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतका के भाई गांव महमूदपुर बोहली निवासी गुरपंत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन गुरविंद्र की शादी वर्ष 2013 में शिव कालोनी निवासी गुरलाल के साथ हुई थी।
गुरलाल तथा उसका भाई प्रीतपाल उसकी बहन के साथ मारपीट करते थे। पिछले एक महीने से आरोपित उसकी बहन के साथ मारपीट करने के साथ परेशान कर कर रहे थे। जब वे मौके पर पहुंचे तो गुरविंद्र का शव बैड पर पड़ा था। वहां पर कोई फंदा नही लगा था। चुन्नी पड़ी हुई थी। रविवार को शहर थाना के जांच अधिकारी रविंद्र ने बताया कि पुलिस ने मृतका के भाई गुरपंत की शिकायत पति गुरलाल, देवर प्रीतपाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।