राजगढ़ में चंदन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपित गिरफ्तार

राजगढ़, 22 मई । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शासकीय आवास परिसरों से चंदन के पेड़ काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपित अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की चंदन लकड़ी, काटने के औजार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

कोतवाली थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने शुक्रवार को बताया कि बीते दिनों शहर के अलग-अलग शासकीय आवास परिसरों से चंदन के पेड़ काटकर चोरी किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं।

पहली घटना 6 मई को वन मंडलाधिकारी के बंगले में सामने आई, जहां चौकीदार मिश्रीलाल भील ने अज्ञात बदमाशों द्वारा चंदन का पेड़ काटकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद 15 मई को प्रशासनिक अधिकारी जिला न्यायालय के आवास परिसर से चंदन के पेड़ का हिस्सा चोरी होने की शिकायत मिली। वहीं 18 मई को एसडीएम बंगले परिसर में भी चंदन का पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया।

लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने संदिग्धों पर नजर रखते हुए घेराबंदी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों में शाकिर अली, मुबारिक और अयान शामिल हैं। सभी आरोपी सारंगपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चतरूखेड़ी के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार मामले में आजाद खां और बाबू अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चंदन की लकड़ी, पेड़ काटने के औजार और चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.15 लाख रुपये बताई गई है।