भोपाल, 02 जून । मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बाबूलाल गौर की जन्म जयंती पर आज (2 जून) को उनकी स्मृति में ‘भजन संध्या’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर भजनों से स्वर्गीय गौर के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए उन्हें सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
मप्र की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने बताया कि श्रद्धेय ‘बाबूजी’ स्वर्गीय बाबूलाल गौर की स्मृति में आयोजित भजन संध्या शाम 6 बजे से शुरू होगी। राज्यमंत्री गौर ने क्षेत्र के सभी स्नेहीजनों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से इस आत्मीय आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने सभी को आमंत्रित करते हुए कहा कि सभी की गरिमामयी उपस्थिति श्रद्धेय ‘बाबूजी’ के प्रति हमारी सामूहिक श्रद्धांजलि एवं सम्मान को और अधिक सार्थक बनाएगी।