उरई, 02 जून । उत्तर प्रदेश के जालाैन जिले के थाना माधौगढ़ पुलिस ने मंगलवार को बसपा नेता आशीष पांडेय के निजी गनर से चोरी हुई लाइसेंसी रिवॉल्वर के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध रूप से रखा गया एक जिंदा 32 बोर का कारतूस भी बरामद किया है। आरोपित की पहचान मुरारी द्विवेदी पुत्र शम्भू द्विवेदी के रूप में हुई है।
आरोपित मुरारी द्विवेदी बसपा प्रत्याशी के घर में घरेलू नौकर का काम करता था। उसने 25 मई को मौका पाकर प्राइवेट गनर जयवीर सिंह कुशवाहा की लाइसेंसी रिवॉल्वर (32 बोर) को छिपा दिया था। इस संबंध में थाना माधौगढ़ में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपित की निशानदेही पर वह जिंदा कारतूस बरामद कर लिया । फिलहाल, पुलिस अब चोरी गई रिवॉल्वर को भी बरामद करने का प्रयास कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि अभियुक्त मुरारी द्विवेदी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार उरई भेज दिया गया।