मंदसौर : लापता किशोरी का शव कुएं में मिलने से आक्रोश, परिजनों ने हाईवे पर किया चक्काजाम

मंदसौर, 05 जून । मध्‍य प्रदेश के मंदसौर जिले में दो दिन से लापता किशोरी का शव कुएं से मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। शुक्रवार को परिजनों और समाजजनों ने महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर सरसोद फंटे के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार 14 वर्षीय किशोरी मंगलवार सुबह घर से खेत जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर गांव के एक कुएं में तलाश की गई। कुएं का पानी मोटर की सहायता से बाहर निकाला गया और कई घंटों की मशक्कत के बाद गुरुवार देर रात किशोरी का शव बरामद किया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद परिजनों ने किशोरी की हत्या और दुष्कर्म की आशंका जताते हुए मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने आरोपित के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई।

शव को जिला अस्पताल से ट्रैक्टर-ट्रॉली में लाए जाने को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया। परिजनों ने इस पर आपत्ति जताई, जबकि पुलिस का कहना है कि उपलब्ध संसाधनों के अभाव में वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी।

शुक्रवार दोपहर सरसोद फंटे पर चक्काजाम के कारण महू-नीमच फोरलेन पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हो सका।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में संवेदनशील स्थिति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।