नई दिल्ली, 06 जून । नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने भारतीय जनता पार्टी के विदेश मामलों के विभाग के प्रमुख डॉ. विजय चौथाईवाले से यहां शनिवार को मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच नेपाल-भारत संबंधों को और सुदृढ़ बनाने, राजनीतिक दलों के बीच सहयोग बढ़ाने तथा दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क एवं संबंधों का विस्तार करने समेत कई प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा हुई।
डॉ. चौथाईवाले ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि बातचीत में द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने, पार्टी-से-पार्टी संवाद को गहरा करने और जनता-से-जनता संबंधों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
विदेश मंत्री खनाल भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के निमंत्रण पर 5 से 7 जून तक भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। इस दौरान वह नई दिल्ली में विदेश मंत्री जयशंकर के साथ औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार इस बैठक में दोनों देशों के पारस्परिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। विशेष रूप से व्यापार, निवेश, संपर्क नेटवर्क, ऊर्जा सहयोग तथा जनता-जनता के संबंधों को और अधिक मजबूत एवं विस्तारित करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
नियमित उच्चस्तरीय आदान-प्रदान की कड़ी के रूप में हो रही यह यात्रा नेपाल और भारत के बीच मौजूद कूटनीतिक, ऐतिहासिक और बहुआयामी संबंधों को और अधिक गहरा तथा मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विदेश मंत्री शिशिर खनाल 7 जून को नेपाल लौटेंगे।
————