शांति समिति की बैठक में सौहार्दपूर्ण तरीके से मोहर्रम मनाने पर जोर

खूंटी, 17 जून । मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को तोरपा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी नवीन चंद्र झा ने की।

बैठक में मोहर्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द कायम रखने एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

पुलिस निरीक्षक मोहन कुमार और थाना प्रभारी मनीष कुमार ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने जुलूस और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

बैठक में पुलिस अवर निरीक्षक राजीव कुमार तूरी, अंजुमन इस्लामिया के सदर अख्तर खान, तोरपा पूर्वी पंचायत के मुखिया जॉन टोपनो, तोरपा पश्चिमी पंचायत की मुखिया विनिता नाग, उपमुखिया राजू साहू, संतोष जायसवाल, कैसर खान, मनीर अंसारी, अयोध्यानाथ राय सहित शांति समिति के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।