भोपाल: आयशर की टक्कर से पेट्रोल पंप कर्मचारी की मौत, नाइट ड्यूटी से घर लौटते समय हुआ हादसा

भोपाल, 18 जून । मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के खजूरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक पेट्रोल पंप कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 30 वर्षीय नितेश यादव, पुत्र अशोक यादव, निवासी आमनाखेड़ी के रूप में हुई है। नितेश भैंसाखेड़ी स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के पद पर कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार, बुधवार-गुरुवार की रात ड्यूटी पूरी करने के बाद नितेश अपनी बाइक से घर लौट रहा था। सुबह करीब 10:15 बजे खजूरी सड़क स्थित एक मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार आयशर वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नितेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आयशर चालक वाहन लेकर फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही खजूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हादसा होना सामने आया है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

नितेश यादव की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी। वह दो छोटे बच्चों का पिता था और परिवार का मुख्य सहारा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।