इंदौर में गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट, चार लोग झुलसे, बोरिंग के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन

इंदौर, 23 जून । मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित स्कीम नंबर-54 के सुमन नगर में मंगलवार को अवंतिका गैस लिमिटेड की हाई-प्रेशर गैस पाइपलाइन में विस्फोट के बाद आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में एक युवती सहित चार लोग झुलस गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए।

विजय नगर पुलिस के मुताबिक, जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां स्थानीय पार्षद बालमुकुंद सोनी बोरिंग करा रहे थे। इसी दौरान जमीन के भीतर से गुजर रही अवंतिका गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटने से गैस का रिसाव शुरू हुआ और कुछ ही देर बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और जोरदार धमाके की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा।

राहगीर युवती समेत चार लोग घायल

हादसे में घायल लोगों में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राजकुमारी झाला भी शामिल हैं। बताया गया कि वे बाइक से घटनास्थल के पास से गुजर रही थीं, तभी आग की चपेट में आ गईं। उनके साथ तीन अन्य लोग भी झुलस गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में एक बाइक सहित आसपास खड़े कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक तेज धमाके के साथ आग की लपटें उठीं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

पुलिस, फायर ब्रिगेड और गैस कंपनी की टीम पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और अवंतिका गैस कंपनी की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने के साथ ही गैस आपूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

बिना अनुमति खुदाई का आरोप

अवंतिका गैस कंपनी के इंजीनियर अनुराग शर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर बोरिंग मशीन और खुदाई का सामान मिला है। कंपनी से न तो कोई पूर्व अनुमति ली गई थी और न ही खुदाई की सूचना दी गई थी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हर 20 मीटर पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिन पर हाई-प्रेशर गैस पाइपलाइन की जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित है। कंपनी ने मामले को गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। साथ ही घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

5 हजार से अधिक गैस कनेक्शन प्रभावित

हादसे के कारण शीतल नगर, विजय नगर और आसपास के क्षेत्रों के 5,000 से अधिक घरेलू गैस कनेक्शनों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। गैस कंपनी की टीम क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत में जुटी रही। अधिकारियों के अनुसार प्राथमिकता गैस लाइन को सुरक्षित रूप से दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करना है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बिना आवश्यक अनुमति के खुदाई और बोरिंग कार्य किए जाने की बात सामने आई है। प्रशासन ने भी घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।