कैवल्य ज्ञान कल्याणक से होगी विश्व में शांति : आदेश कुमार जैन

हरिद्वार, 14 फरवरी (हि.स.)। कनखल स्थित श्री दिगम्बर जैन पंचायती मन्दिर में आयोजित भगवान श्री नेमीनाथ के पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ के पांचवें दिन कैवल्य ज्ञान कल्याणक मनाया गया।

इसमें मुख्य प्रतिष्ठाचार्य पंडित सतीश जैन शास्त्री सरल ने प्रातः जाप्य अनुष्ठान, अभिषेक शांति धारा नव निर्मित मन्दिर में याेग मण्डल विधान इत्यादि क्रियाएं व हवन पूजा कराई। तत्पश्चात् परम पूज्य मरसलगंज गौरव, प्रतिमा योग साधक अकलीकर अक्षुण्ण परम्पराचार्य श्री 108 आचार्य सौभाग्यसागर महाराज व एवं परम पूज्य स्थविर संत 108 सुरत्नसागर महाराज के द्वारा मंगल प्रवचन हुए।

आचार्य श्री ने प्रवचन देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति सत्य, अहिंसा व त्याग के मार्ग पर चलकर भगवान नेमीनाथ के समान ही तीर्थंकर बन सकता है। सांयकाल श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन में पाण्डाल में मंगल आरती, मंगला चरण किया गया। जिसके पश्चात जैन भजन सम्राट रूपेश जैन इन्दौर वालों ने अति सुन्दर जैन भजन प्रस्तुत किये। इस अवसर पर हजारों की संख्या में जैन श्रद्धालु मौजूद रहे।

पंचकल्याण महोत्सव के महामंत्री आदेश कुमार जैन ने कहा कि विश्व कल्याण मंगल कामना यज्ञ अवश्य ही देश एवं प्रदेश की खुशहाली के लिए सशक्त माध्यम है। घर परिवारों में शांति का वास होगा। उन्होंने कहा कि मुनष्य कल्याण में सभी को अपने जीवन को समर्पित रखना चाहिए। यह यज्ञ अवश्य ही विश्व कल्याण के लिए समर्पित है। धार्मिक क्रियाकलाप ही देश को उन्नति की और अग्रसर करते हैं।

आयोजन संयोजक वकील चन्द जैन, मुख्य संयोजक बालेश चन्द जैन, महामंत्री आदेश कुमार जैन एडवोकेट, अध्यक्ष अजय कुमार जैन, संयोजक विजय कुमार जैन, अंकित जैन, हन्नी जैन, सतीश कुमार जैन आदि उपस्थित रहे।