उर्वशी सिंह को मिला ‘नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड’, सामाजिक सेवा कार्यों के लिए हुईं सम्मानित

जौनपुर, 28 जून । यूपी के जौनपुर की प्रख्यात समाजसेवी एवं अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष एडवोकेट उर्वशी सिंह को सामाजिक सरोकारों, मानव सेवा, रक्तदान जागरूकता और जनकल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए लखनऊ में रविवार को आयोजित ‘संवेदनाझ-2’ नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड समारोह में ‘नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा) द्वारा वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड की मान्यता के साथ प्रदान किया गया।

यह सम्मान समारोह इंटरनेशनल ब्लड डोनेशन एंड अवेयरनेस कैंपेन के अंतर्गत बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, शहीद पथ, लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, राज्यमंत्री विरजा कुमार गोयल, संदीप बंसल सहित अन्य अतिथियों ने उर्वशी सिंह को सम्मानित किया।उर्वशी सिंह वर्तमान में महिला थाना जौनपुर में आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से बिखरते पारिवारिक रिश्तों को जोड़ने का महत्वपूर्ण दायित्व निभा रही हैं। इसके साथ ही वह अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट के माध्यम से लंबे समय से रक्तदान जागरूकता, जरूरतमंदों की सहायता, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों का सफल संचालन कर रही हैं। उनके नेतृत्व में संस्था ने जनहित और मानव सेवा के अनेक कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया है। सम्मान समारोह के बाद दूरभाष पर हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बात करते हुए उर्वशी सिंह ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी रक्तदाताओं और समाजसेवियों का सम्मान है, जो निस्वार्थ भाव से मानव सेवा में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाजहित के कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा।खून के अभाव में किसी की जिंदगी को जाने नहीं दिया जाएगा। यही मेरी जिंदगी का मकसद है।