जींद : प्रधानमंत्री के दौरे से पहले स्वास्थ्य विभाग ने मांगे विशेषज्ञ चिकित्सकों

जींद, 10 जुलाई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 17 जुलाई को जींद में प्रस्तावित दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक चिकित्सा व्यवस्था के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वास्थ्य विभाग ने प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री और आम जनता की सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों और एंबुलेंस की मांग की है। सिविल सर्जन द्वारा जारी पत्र के अनुसार प्रधानमंत्री के दौरे के सुचारू संचालन के लिए कुल 15 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस की आवश्यकता बताई गई है। इनमें प्रधानमंत्री के लिए 6, केंद्रीय कैबिनेट मंत्रियों के लिए 3, मुख्यमंत्री के लिए 2 तथा रैली स्थल, हेलीपैड और अन्य स्थानों के लिए बाकी एंबुलेंस शामिल हैं।

उप सिविल सर्जन रेफरल ट्रांसपोर्ट जींद ने उप निदेशक रेफरल ट्रांसपोर्ट पंचकूला को पत्र लिख कर इन 15 एएलएस एंबुलेंस को स्टाफ सहित उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी द्वारा सिविल सर्जन को भेजे गए पत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की विस्तृत मांग सूची दी गई है। नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. रघुवीर पूनिया ने स्पष्ट किया कि इतनी बड़ी संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारी और पैरामेडिकल स्टाफ जिले में उपलब्ध नहीं हैं।

इसलिए बाहर से इनकी व्यवस्था करने के साथ-साथ उनके ठहरने और भोजन की भी उचित व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया है। सिविल सर्जन जींद ने इस संबंध में मिशन निदेशक एनएचएम हरियाणा और महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा को पत्र भेजकर अग्रिम कार्यवाही की अपील की है। इस आयाेजन के मद्देनजर 10 फिजिशियन, 10 सर्जन (ऑर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ), 10 एनेस्थेटिस्ट, 7 लैब टेक्निशियन, 11 ईसीजी टेक्निशियन (ईसीजी मशीन सहित), 10 फार्मेसी अधिकारी जींद में भेजने की मांग की गई है।