गुरुग्राम, 10 जुलाई । गुरुग्राम पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फिरौती और हत्या की साजिश को नाकाम कर दिया। सुशांत लोक फेस-2 क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने चार शूटरों को ढेर कर दिया और एक को गंभीर हालत में गिरफ्तार किया। इस दौरान तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं। गुरुग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त नवीन शर्मा ने शुक्रवार काे यह जानकारी दी।
सहायक पुलिस आयुक्त नवीन शर्मा ने शुक्रवार काे बताया कि पिछले कुछ दिनों से मिल रही इंटेलिजेंस इनपुट और कुछ पीडि़त परिवारों को मिल रही धमकियों के चलते क्राइम टीमों ने संभावित जगहों पर निगरानी रखी हुई थी। नौ जुलाई 2026 की देर रात सूचना मिली कि सेक्टर-40, 39, 17 की क्राइम टीमों द्वारा घेराबंदी से ठीक पहले विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के पांच शूटर एक व्यवसायी के घर पर फायरिंग कर रहे हैं। घटना के अनुसार एक काली स्कॉर्पियो, जिसकी नंबर प्लेट काली टेप से ढकी थी, व्यवसायी विशाल बेरी के मकान पहुंची।
गाड़ी से उतरे तीन हथियारबंद बदमाशों ने घर और आसपास के मकानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। एक आरोपी मोबाइल से पूरी वारदात की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर रहा था।
आत्मसमर्पण की चेतावनी को अनदेखा कर की फायरिंग
पहले से तैनात पुलिस टीमों ने चारों ओर से घेराबंदी कर आरोपियों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी। लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर ही जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें तीन पुलिसकर्मी सिपाही मंजीत सिंह, सिपाही शमशेर सिंह, सहायक उप-निरीक्षक सुनील कुमार घायल हुए हैं।
पुलिस ने पहले हवाई फायर कर दोबारा चेतावनी दी। इसके बाद आत्मरक्षा और आमजन की सुरक्षा के लिए नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की गई। जवाबी फायरिंग में सभी पांच शूटर गोली लगने से घायल हुए। सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान चार आरोपियों की मौत हो गई। एक आरोपी शिवम निवासी जिला मेवात गंभीर हालत में उपचाराधीन है।
तीन आरोपी रोहतक के एक फतेहाबाद का रहने वाला
इस मुठभेड़ में चार बदमाशों की मौत हुई है और एक आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वाले बदमाशों में दीपा निवासी जिला फतेहाबाद, आर्यन निवासी जिला रोहतक, नितिन निवासी जिला रोहतक, अंकित निवासी जिला रोहतक के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नितिन के खिलाफ रोहतक में हत्या का प्रयास और अवैध हथियार के दो मामले दर्ज हैं। दीपा उर्फ संदीप के खिलाफ आम्र्स एक्ट, एनडीपीएस और अन्य संगीन अपराधों के 14 मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। घटनास्थल से पुलिस ने पांच आधुनिक पिस्टल, 50 से ज्यादा खाली खोल, काफी संख्या में जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। घटना के तुरंत बाद सीन-ऑफ-क्राइम टीम, बैलिस्टिक विशेषज्ञ को बुलाकर कार्यपालक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए।