नेपाल के २३ जिलों में बाढ़ की संभावना, काठमांडू में भी ऑरेंज फ्लड अलर्ट

काठमांडू, 12 जुलाई । नेपाल के मौसम विभाग ने रविवार को २३ जिलों में बाढ़ आने की संभावना जताई है। इसके अलावा काठमांडू में ‘ऑरेंज फ्लड अलर्ट’ भी जारी किया गया है। देश की सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण बाढ़ और अचानक आने वाली बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

बाढ़ पूर्वानुमान प्रभाग ने काठमांडू, भक्तपुर, ललितपुर और काभ्रेपलाञ्चोक जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका अर्थ है कि इन क्षेत्रों की नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंचने की संभावना है, जिससे बाढ़ का खतरा अधिक है। प्रभाग के अनुसार, पाँचथर, ताप्लेजुङ, तेह्रथुम, धनकुटा, भोजपुर, सोलुखुम्बु, संखुवासभा, खोटाङ, ओखलढुंगा, उदयपुर, सिन्धुली, दोलखा, रामेछाप, सिन्धुपालचोक, नुवाकोट, रसुवा, धादिङ, मकवानपुर, रौतहट तथा आसपास के जिलों की नदियों का जलस्तर भी काफी बढ़ सकता है, जिससे फ्लैश फ्लड का मध्यम खतरा बना हुआ है।

प्रभाग ने प्रभावित जिलों के नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने तथा मौसम और बाढ़ संबंधी ताज़ा सूचनाओं पर लगातार नजर रखने की अपील की है। बाढ़ चेतावनी प्रणाली के अनुसार हरा (ग्रीन) रंग का अर्थ है कि नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है और बाढ़ का खतरा कम है। पीला (येलो) संकेत देता है कि जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब पहुंच रहा है और बाढ़ का मध्यम जोखिम है। नारंगी (ऑरेंज) अलर्ट का मतलब है कि नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर चुका है और बाढ़ का खतरा अधिक है, जबकि लाल (रेड) अलर्ट का अर्थ है कि जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है और गंभीर प्रकार की आशंका है।