मिस उत्तराखंड-2026 के फाइनल राउंड के लिए 35 प्रतिभागियों का चयन

देहरादून, 12 जुलाई । सिनमिट कम्युनिकेशन्स की ओर से आयोजित मिस उत्तराखंड-2026 वॉक-इन ऑडिशन 2.0 में फाइनल राउंड के लिए 35 युवतियों का चयन किया गया। रविवार को देहरादून स्थित सेंट्रियो मॉल के स्काई डेक में आयोजित ऑडिशन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 50 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

आयोजकों के अनुसार, इससे पहले आयोजित पहले चरण के ऑडिशन में 100 से अधिक युवतियों ने भाग लिया था। दोनों चरणों में शामिल कुल 150 प्रतिभागियों में से 35 युवतियों को फाइनल राउंड के लिए चुना गया।

ऑडिशन के दौरान प्रतिभागियों ने रैंप वॉक, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। देहरादून, टिहरी, खटीमा, हरिद्वार, मसूरी और चमोली सहित विभिन्न क्षेत्रों से आई प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। चयनित प्रतिभागियों ने इसे अपने सपनों की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए खुशी व्यक्त की।

सिनमिट कम्युनिकेशन्स के निदेशक दलीप सिंधी और राजीव मित्तल ने बताया कि आगामी दिनों में विभिन्न सब-टाइटल राउंड आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद अगस्त में मिस उत्तराखंड-2026 का ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश की प्रतिभाशाली युवतियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

ऑडिशन में निर्णायक मंडल में मिस उत्तराखंड-2025 स्मृति रावत, फर्स्ट रनर-अप वैष्णवी लोहानी, थर्ड रनर-अप अंबिका रावत, दलीप सिंधी और राजीव मित्तल शामिल रहे। कार्यक्रम के संचालन में प्रोडक्शन हेड राहुल छाबड़ा, कोऑर्डिनेटर हिमानी रावत, अनन्या भंडारी, कोरियोग्राफर जैज पुष्कर सोनी और स्टाइलिस्ट प्रियादिति सिंधी ने सहयोग दिया।