शिमला : दो गरीब परिवारों के घर राख, भारी नुकसान

शिमला, 14 जुलाई । शिमला जिले के नेरवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घनत के कुम्हारला गांव में सोमवार शाम आग लगने से दो मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। हादसे के समय दोनों घरों में कोई मौजूद नहीं था। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते दोनों मकान और उनमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

पुलिस के अनुसार आग से प्रीतम सिंह पुत्र गुलाब सिंह और भगत राम पुत्र चरिया के मकान प्रभावित हुए हैं। भगत राम के घर में रखी करीब 65 हजार रुपये की नकदी, दो कटर और दो घास काटने की मशीनें आग की भेंट चढ़ गईं। वहीं प्रीतम सिंह के घर में रखे करीब 45 हजार रुपये नकद और जेवर भी जल गए। घटना से दोनों परिवारों को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने मौके पर कार्रवाई शुरू की। तहसीलदार नेरवा कुश कुमार के निर्देश पर पटवारी देवेंद्र कुमार को घटनास्थल पर भेजा गया। प्रशासन की ओर से दोनों प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के रूप में 10 कंबल, दो तिरपाल और 5-5 हजार रुपये की नकद सहायता दी गई।

ग्रामीणों के अनुसार जिन दो परिवारों के मकान जले हैं, वे दोनों बीपीएल श्रेणी से जुड़े हैं और दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बरसात के मौसम में घर जलने से उनके सामने रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। प्रभावित परिवारों ने प्रदेश सरकार से जल्द आर्थिक सहायता और मकान के पुनर्निर्माण के लिए मदद देने की मांग की है।