विश्व शूटिंग पैराशूट चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता संजीव पहुंचे शांतिकुंज

हरिद्वार, 16 जुलाई । विश्व शूटिंग पैराशूट चैम्पियनशिप में भारत के लिए दो स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संजीव कुमार गिरी गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचे। उन्हाेंने अखिल विश्व गायत्री परिवार के देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर खेल, युवा चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

प्रतिकुलपति डॉ पण्ड्या ने गिरी को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्हाेंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा बुलंद करने वाले खिलाड़ी देश के प्रेरणास्त्रोत हैं। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और अटूट संकल्प से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खेल आत्मानुशासन, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र प्रेम जैसे गुणों के विकास का प्रभावी साधन भी है।

संजीव कुमार गिरि ने उपलब्धि का श्रेय नियमित अभ्यास, मानसिक दृढ़ता, सकारात्मक सोच तथा परिवार और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे चुनौतियों से घबराने के बजाय उन्हें अवसर के रूप में स्वीकार करें तथा लक्ष्य के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ आगे बढ़ें। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से संजीव कुमार गिरि का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निरंतर सफलता की मंगलकामनाएं व्यक्त की।