नेपाल में मौसम खराब, आज भी अनेक राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

काठमांडू, 22 जुलाई । नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण विभिन्न हिस्सों में बाढ़ और भू-स्खलन से स्थिति खराब हो गई है। इसके चलते कई प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग और सड़क मार्ग बंद हैं। नेपाल पुलिस ने यात्रियों से सतर्कता बरतने और यात्रा से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

बारिश के कारण बीपी राजमार्ग पर काभ्रेपलाञ्चोक और सिंधुली को जोड़ने वाले खुर्कोट–नेपालथोक–कटुन्जेबेसी खंड में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर इस मार्ग पर शाम 6 बजे से सुबह 4 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक रोक दी गई है। इसी तरह कांति लोकपथ पर मकवानपुर खंड में शाम 5 बजे से सुबह 5 बजे तक यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया है। मेची राजमार्ग के इलाम नगरपालिका स्थित राजदुवाली क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है। इससे यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।

वहीं, अरनिको राजमार्ग पर सिंधुपालचोक जिले के भोटेकोशी के जिरोकिलो और कोदारी क्षेत्र में भू-स्खलन होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।

बागलुङ जिले में जैमिनी नगरपालिका के बेलबगर स्थित कालीगण्डकी कॉरिडोर भी भूस्खलन के कारण पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इसके अलावा, पांचथर जिले के मिक्लाजुङ ग्रामीण नगरपालिका के कोप्चे क्षेत्र में राँके–राबी–भेडेटार सड़क, तथा गोरखा जिले के धार्चे के लिडिङ क्षेत्र में आरुघाट–मच्छीखोला सड़क भी भूस्खलन और खराब मौसम से प्रभावित हुई है।

नेपाल पुलिस के अनुसार, ललितपुर जिले की बागमती नगरपालिका के पाङ्दुर क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए सूखे भूस्खलन के कारण कांति लोकपथ पूरी तरह अवरुद्ध है। लगातार जारी वर्षा को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम और सड़क की ताज़ा जानकारी लेने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।