कैथल: आनर किलिंग में हुई युवती की हत्या का आराेपी 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

कैथल, 22 जुलाई । वर्ष 2024 के चर्चित हत्या मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश को कैथल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर प्रेम विवाह के बाद हुई फायरिंग में एक युवती की हत्या के मामले में लंबे समय से गिरफ्तारी का वारंट था। पुलिस ने उसे चंडीगढ़ से दबोचा है। गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में अवैध हथियार सप्लाई करने का भी खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पानीपत जिले के गांव रेर कलां निवासी रामपाल के रूप में हुई है। वह जून 2024 में कैथल शहर थाना क्षेत्र की नानकपुरी कॉलोनी में हुई फायरिंग और हत्या के मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर हरियाणा पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी को अदालत पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुकी थी।

जांच में सामने आया कि छह फरवरी 2024 को नानकपुरी कॉलोनी निवासी अनिल ने क्योड़क की रहने वाली कोमल से प्रेम विवाह किया था। 19 जून को कोमल का भाई पिस्तौल लेकर उनके घर पहुंचा और फायरिंग कर दी। गोली लगने से कोमल की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और बहन भी घायल हो गई थीं। घटना के दौरान रामपाल कुछ दूरी पर बाइक लेकर खड़ा था और वारदात के बाद आरोपी उसके साथ फरार हो गए थे। इस मामले में एक नाबालिग आरोपी पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है।

इधर, पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम अवैध हथियार बरामदगी के एक मामले की जांच कर रही थी। 11 जुलाई को गांव पाडला-छौत रोड से पुलिस ने गांव छौत निवासी अजय उर्फ अज्जू को 315 बोर के अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अजय ने बताया कि यह हथियार उसे रामपाल ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने रामपाल की तलाश तेज की और आखिरकार उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उससे अवैध हथियारों की सप्लाई, हत्या के मामले में उसकी भूमिका और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।